देवघर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी विशाल सागर के निर्देशानुसार आज शनिवार स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री राहुल कुमार भारती की अध्यक्षता में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर एवं कंटेंट क्रिएटर के साथ बैठक का आयोजन सूचना भवन में किया गया। इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गयी कि जिले में विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर फर्स्ट टाइम वोटर के साथ युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिले में विभिन्न प्रकार के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।साथ ही जिले के सभी मतदाता दिनांक 20 नवंबर को अपने घरों से निकलकर मतदान करें इसके लिए व्यापक प्रचार प्रसार भी किये जा रहे हैं। इसके अलावा बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें,वोट प्रतिशत में वृद्धि हो इसके लिए यह बैठक आयोजित की गई है। इंफ्लुएंसर की यह बैठक हमें वोट प्रतिशत बढ़ाने, युवा मतदाताओं को प्रेरित करने के साथ-साथ कम मतदान वाले क्षेत्रों में विभिन्न इंटरनेट मीडिया मंचों पर प्रचार और प्रसार में हमारी मदद करेगी। आगे उन्होने कहा कि सोशल मीडिया एक बहुत ही शक्तिशाली एवं प्रभावशाली माध्यम है। एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वाट्सएप जैसे मंचों पर बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता हैं, जिसके माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा सकता है। इस दौरान सभी इनफ्लुएंसर ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सभी ने अपने अपने विचार रखे। साथ ही संगीत, रील्स, ब्लागर के माध्यम से, तो किसी ने लघु फिल्म के माध्यम से जागरूक करने का सुझाव दिया। इस दौरान उपरोक्त के अलावा जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं सोशल मीडिया इंफुलेन्सर व क्रियेटर उपस्थित थे।




