नई दिल्ली । भारत अपनी पश्चिमी सीमा, खासकर जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा को अभूतपूर्व मजबूती देने की तैयारी में जुटा है। इसी कड़ी में भारतीय वायुसेना (आईएएफ) पाकिस्तान से लगी 740 किलोमीटर लंबी एलओसी पर अपना पांचवां एस-400 ट्रायम्फ एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने जा रही है। अगले महीने, भारतीय वायुसेना की उच्च स्तरीय टीम सिस्टम के प्री-डिस्पैच इंस्पेक्शन के लिए रूस का दौरा करेगी, जिसकी तैनाती फरवरी 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है।
यह महत्वपूर्ण कदम पाकिस्तान और चीन द्वारा अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने की पृष्ठभूमि में उठाया जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, चीन 2027 तक पाकिस्तान को पांचवीं पीढ़ी के जे-35 लड़ाकू विमान दे सकता है। इसके जवाब में, भारत लंबी दूरी के हथियार और लोइटरिंग म्यूनिशन विकसित करने और खरीदने की योजना बना रहा है, ताकि चीन की पीएल-15 ईलंबी दूरी की मिसाइलों और एचक्यू-9बीई एयर डिफेंस सिस्टम का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सके। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना ने चीनी जे-10 लड़ाकू विमानों और स्वीडिश अवाक्स की मदद से करीब 200 किलोमीटर रेंज वाली पीएल-15 ई मिसाइलों का इस्तेमाल किया था, जो इस खतरे की गंभीरता को दिखाता है।
पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को चीन और तुर्किये लगातार बढ़ा रहे हैं। चीन पाकिस्तान को 8 हैंगोर क्लास पनडुब्बियां बेच रहा है, जिसकी कीमत 5 अरब डॉलर से अधिक है, जिसमें से एक पनडुब्बी जून 2026 तक पाकिस्तानी नौसेना में शामिल हो चुकी है। तुर्किये पाकिस्तान की अगोस्टा-90बी पनडुब्बियों को अपग्रेड करने के साथ लंबी दूरी के कामिकेज ड्रोन भी उपलब्ध करा रहा है। इसके अतिरिक्त, चीन पाकिस्तान को मिसाइल दागने में सक्षम विंग लूंग-2 ड्रोन पहले ही दे चुका है। अमेरिका भी पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमानों को अपग्रेड करने में सहायता कर रहा है, जबकि सऊदी अरब पाकिस्तान को आर्थिक मदद प्रदान कर रहा है।
एस-400 ट्रायम्फ, रूस द्वारा विकसित एक बेहद उन्नत मिसाइल सिस्टम है, जो कि 2007 में लांच किया गया था। यह फाइटर जेट, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल, ड्रोन और स्टेल्थ विमानों सहित हवा में कई तरह के खतरों को मार गिराने में सक्षम है, और दुनिया के सबसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम में से एक माना जाता है।
भारत के पास वर्तमान में एस-400 की तीन ऑपरेशनल स्क्वाड्रन तैनात हैं। पहली स्क्वाड्रन 2021 में पंजाब में, दूसरी जुलाई 2022 में सिक्किम (चीन सीमा पर) और तीसरी फरवरी 2023 में राजस्थान-गुजरात या पंजाब-राजस्थान सीमा पर तैनात की गई थी, जो पश्चिमी सीमा की सुरक्षा मजबूत करती है। चौथी स्क्वाड्रन, जिसकी पहली खेप जून 2026 में मिली, असम में तैनात है और अरुणाचल प्रदेश में चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की सुरक्षा करती है। प्रत्येक स्क्वाड्रन 256 मिसाइलों से लैस होती है।
एस-400 सिस्टम की क्षमता का प्रमाण ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मिला था, जब भारतीय वायुसेना के एस-400 ने पाकिस्तान के अंदर 314 किलोमीटर की दूरी पर उड़ रहे एक पाकिस्तानी सैन्य विमान को सफलतापूर्वक मार गिराया था। रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी एयरस्पेस में सैन्य और नागरिक उड़ानों के एकसाथ होने के बावजूद, वायुसेना ने अपने विशेष सिस्टम से सैन्य विमान की सटीक पहचान की। एस-400 ने खतरे को ट्रैक किया और लंबी दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल को निर्देशित करते हुए पाकिस्तानी विमान पर अचूक निशाना लगाया।




