दोहा । भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका-ए के हाथों मिली 8 विकेट की हार पर निराशा जताते हुए कहा है कि हमारे गेंदबाज तय रणनीति पर अमल नहीं कर पाये जिससे दिये हुए लक्ष्य का बचाव नहीं हुआ। इस मुकाबले में भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 317 रनों का अच्छा खासा स्कोर बनाया था, लेकिन श्रीलंकाई ए टीम ने इस लक्ष्य को महज 41.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया, जिससे भारत ए का खिताब जीतने का सपना टूट गया।मैच के बाद, तिलक ने अपनी टीम की बल्लेबाजी रणनीति और पिच के मिजाज पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पारी के शुरुआती 10 ओवरों में 95 रन बनाने के बाद ड्रेसिंग रूम में यह विश्वास था कि 320 से 330 रनों का स्कोर इस पिच पर काफी चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने पिच के बदलते व्यवहार का जिक्र किया, जिसके अनुसार शुरुआती 20 ओवरों में गेंद बल्ले पर सहजता से आ रही थी, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में आसानी हुई। लेकिन इसके बाद विकेट थोड़ा धीमा पड़ने लगा, जिससे कुछ गेंदें रुककर तथा नीचे रहकर आने लगीं। कप्तान ने स्वीकार किया कि इस बदलाव के कारण मध्य के ओवरों में भारत-ए ने लगातार तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए, जिससे रन गति पर कुछ समय के लिए लगाम लग गई। हालांकि, उन्होंने निचले मध्यक्रम में तनुज और शाहबाज की बेहतरीन साझेदारी की सराहना की, जिसने टीम को 317 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
318 रनों के विशाल लक्ष्य का बचाव करने उतरी भारतीय टीम की रणनीति पूरी तरह स्पष्ट थी, लेकिन मैदान पर उसका क्रियान्वयन नहीं हो सका। तिलक ने अपनी गेंदबाजी योजना का खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने पारी शुरू होने से पहले ही खिलाड़ियों से यह स्पष्ट कर दिया था कि शुरुआती 15 ओवर मैच का रुख तय करने में निर्णायक साबित होंगे। भारतीय टीम की योजना थी कि पहले 15 ओवरों में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को 6 रन प्रति ओवर या उससे कम की गति से रन बनाने से रोका जाए, ताकि बाद में जब पिच धीमा पड़े तो भारतीय स्पिनर और मध्यम गति के गेंदबाज दबाव बनाकर विकेट हासिल कर सकें पर ऐसा नहीं हो पाया। श्रीलंलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार किया और शुरुआती ओवरों से ही तेजी से रन बटोरे, जिससे भारतीय गेंदबाज न तो नई गेंद से शुरुआती सफलता प्राप्त कर सके और न ही रन गति पर लगाम लगा पाए। इससे मैच हाथ से फिसल गया।




