लंदन । भारत के पंकज आडवाणी ने ब्रिटेन के रीडिंग में खेले गए प्रतिष्ठित क्रूसिबल कप स्नूकर टूर्नामेंट को जीतकर एक अहम उपलब्धि हासिल की है। पंकज इस मुकाबले को जीतने वाले पहले भारतीय बन गये हैं। स्नूकर 900 प्रारूप के इस रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल में आडवाणी ने माल्टा के पूर्व पेशेवर खिलाड़ी टोनी ड्रैगो को आसानी से 6-0 से हरा दिया। मौजूदा विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन आडवाणी ने इस टूर्नामेंट में शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। अपने अभियान की शुरुआत में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विश्व स्नूकर चैंपियन नील रॉबर्टसन को 5-2 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में जो पेरी को 5-1 से आसानी से हराकर फाइनल में जगह बनायी। इस टूर्नामेंट में अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें तो, जो पेरी ने सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए मौजूदा विश्व स्नूकर चैंपियन वू यिज़े को 5-0 से हराया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में टोनी ड्रैगो ने स्नूकर के रॉनी ओसुलिवन को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनायी।
गौरतलब है कि स्नूकर 900 प्रारूप अपनी तेज गति और उच्च दबाव के लिए जाना जाता है। इसमें खिलाड़ियों को प्रत्येक शॉट 20 सेकंड के भीतर लेना होता है और प्रत्येक फ्रेम केवल 15 मिनट का होता है। समय समाप्त होने पर जो खिलाड़ी आगे होता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है। आडवाणी की इस ऐतिहासिक जीत से भारत को 2027 में पहली बार क्रूसिबल कप की मेजबानी का अधिकार मिल गया है।




