लाहौर । भारत के 15 साल के उभरते हुए क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की जहां दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है वहीं एक पाकिस्तानी क्रिेकेटर तनवीर अहमद ने इसपर सवाल उठाये हैं। इस पाक क्रिकेटर का कहना है कि इतनी कम उम्र में ऐसे शॉट नहीं लगाये जा सकते हैं। वैभव ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए 52 गेंदों में ही दोहरा शतक लगा दिया था। अपनी इस पारी में वैभव ने 7 चौके और 28 छक्के लगा दिये थे।
तनवीर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने वैभव की उम्र को लेकर संदेह व्यक्त किया है। एक टीवी चैनल पर दिए अपने बयान में उन्होंने कहा, वो 15 साल का नहीं है, वो कम से कम 20-21 साल का है। साथ ही कहा कि कितनी भी प्रतिभा हो 15 साल का बच्चा 28 छक्के नहीं मार सकता। 15 साल के बच्चे की बेस इतनी स्ट्रांग नहीं हो सकती, उसकी बाजुओं में इतनी जान नहीं हो सकती। मैं नहीं मानता कि वो 15 साल का है। हो सकता है वो 20 या 21 साल का हो।गौरतलब है कि ये बयान ऐसे समय में आया है जब एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच मुकाबला होने की प्रबल संभावना है। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जिससे दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच एक और बड़े मुकाबले की उम्मीदें बढ़ गई हैं। वैभव की इस धमाकेदार पारी ने भारत की जीत सुनिश्चित की और सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की की। वहीं माना जा रहा है कि इस पारी को देखकर पाक टीम दबाव में है।
तनवीर का यह बयान कई मायनों में बेतुका प्रतीत होता है। अगर वैभव वास्तव में 20 या 22 साल के भी होते, तब भी 53 गेंदों में 28 छक्कों के साथ दोहरा शतक लगाना एक असाधारण और दुर्लभ उपलब्धि होती। क्रिकेट इतिहास में ऐसे प्रदर्शन कम ही देखने को मिलते हैं, चाहे बल्लेबाज की उम्र कुछ भी क्यों न हो। वैभव के इस रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन ने पूरी दुनिया को हैरत में डाल दिया है और हर तरफ उनकी बल्लेबाजी की तारीफ हो रही है। ऐसे में एक पाक क्रिकेटर का सवाल उठाना दिखाता है कि वह इस भारतीय क्रिकेटर की सफलता को पचा नहीं पा रहा और बेवजह के आरोप लगा रहा है।




