मिहिजाम । शादी की खुशियां लेकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को निकला परिवार शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गया। मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा के समीप चालक को नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार होंडा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नवविवाहिता समेत चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी शंभू बरनवाल (56), पत्नी ज्योति बरनवाल (50), बेटे और बहू नंदिनी बरनवाल (28) के साथ देवघर जा रहे थे। उनके बेटे की शादी महज दो दिन पहले हुई थी। परिवार नवदंपती के साथ बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने निकला था।

बेवा के पास चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया। नंदिनी के सिर में गंभीर चोट लगी और कई टांके लगाने पड़े। शंभू ने सीने में दर्द की शिकायत की, जबकि ज्योति भी घायल हुईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना से परिजनों में चिंता का माहौल है।



