बम निष्क्रियकरण से लेकर एयर स्ट्राइक की स्थिति तक का जीवंत अभ्यास, बचाव एवं राहत कार्यों का हुआ प्रभावी प्रदर्शन
संताल एक्सप्रेस संवाददाता

साहिबगंज – नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन साहिबगंज ने गुरुवार को सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक ड्रिल (द्वितीय मॉक अभ्यास) का सफल आयोजन किया.गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार शाम 04:30 बजे से आयोजित इस अभ्यास में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियों का व्यापक परीक्षण किया गया.मॉक ड्रिल के लिए साहिबगंज नगर परिषद कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्र , सदर अस्पताल व बस स्टैंड परिसर को चिह्नित किया गया था. निर्धारित परिदृश्य के अनुरूप सर्वप्रथम नगर परिषद कार्यालय एवं आस-पास के क्षेत्र में बम निरोधक दस्ते द्वारा बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया. इसके पश्चात बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्र में एयर स्ट्राइक जैसी आपातकालीन स्थिति का परिदृश्य तैयार कर बचाव एवं राहत संबंधी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया.
अलर्ट से एक्शन तक- आपातकालीन प्रतिक्रिया का व्यावहारिक परीक्षण
अभ्यास के दौरान आपातकालीन चेतावनी एवं अलर्ट प्रणाली, सुरक्षा प्रोटोकॉल, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने, बचाव एवं राहत कार्यों, प्राथमिक चिकित्सा तथा सूचना के त्वरित आदान-प्रदान जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया.विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों ने निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय सहभागिता निभाई. इस दौरान आपसी समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता एवं उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग की तैयारियों को भी परखा गया.
सुरक्षित नागरिक, सक्षम प्रशासन- आपदा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
आयोजित मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल आपातकालीन परिस्थितियों का पूर्वाभ्यास करना ही नहीं, बल्कि किसी भी अप्रत्याशित चुनौती के समय जान-माल की सुरक्षा, त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों तथा प्रशासनिक तत्परता को सुनिश्चित करना भी है. इस प्रकार के नियमित अभ्यास से संबंधित विभागों की कार्यक्षमता बढ़ती है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित होती है.जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित मॉक ड्रिल को गंभीरता से लें. आपातकालीन चेतावनी संकेतों के प्रति सजग रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों में लगे कर्मियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें.मॉक ड्रिल के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्रमोद आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद साहिबगंज अभिषेक कुमार सिंह, अंचलाधिकारी साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू, सीडीपीओ साहिबगंज सुशील कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्रा एवं आम नागरिक उपस्थित थे.



