नई दिल्ली । नवंबर महीना सोने के निवेशकों और खरीदारों के लिए एक बड़े झटके या सुनहरे अवसर दोनों की तरह सामने आया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर पिछले 25 दिनों में सोने की कीमतों में करीब 17,000 रुपए प्रति 10 ग्राम की भारी गिरावट दर्ज की गई, जो 12 फीसदी से अधिक है। वहीं, अपने जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से यह 31 फीसदी टूटकर 55,000 रुपए से ज्यादा सस्ता हो गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को 1,38,485 रुपए पर बंद हुआ सोना 26 नवंबर को 1,21,478 रुपए तक गिर गया था। यानी महज 25 कारोबारी दिनों में इसकी कीमत में 17,000 रुपए से अधिक की गिरावट आई। 25 नवंबर को तो यह 1.20 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के भी नीचे चला गया था, जो इस गिरावट के चरम को दर्शाता है। हालांकि, शुक्रवार को बाजार में रौनक लौटी और सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। खबर लिखे जाने तक, सोना 2,973 की बढ़त के साथ 1,25,245 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। चांदी भी 8,339 रुपए उछलकर 1,54,182 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी, जिससे निवेशकों को थोड़ी राहत मिली।



