नई दिल्ली । भारत में कई निजी बैकों के बावजूद सरकारी बैंकों पर लोगों का भरोसा आज भी अटूट है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश के 12 सरकारी बैंकों में कुल 160.16 करोड़ खाताधारक थे। इन आंकड़ों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है, जो खाताधारकों की संख्या के मामले में शीर्ष पर कायम है। 31 मार्च 2026 तक, एसबीआई के पास 53.03 करोड़ खाताधारक थे। बैंक ने पिछले चार सालों में अपनी ग्राहक संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 46.77 करोड़ से बढ़कर 6.26 करोड़ अधिक हो गई है। यह एसबीआई के व्यापक नेटवर्क और जनता के बीच गहरे विश्वास को दिखाता है।
एसबीआई के बाद, बैंक ऑफ बड़ौदा दूसरे स्थान पर रहा, जिसके पास 18.93 करोड़ खाताधारक हैं। तीसरे नंबर पर पंजाब नेशनल बैंक है, जिसके 18.53 करोड़ खाताधारक हैं, जो बैंक ऑफ बड़ौदा से बहुत पीछे नहीं है। चौथे स्थान पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया है, जिसके पास 16.40 करोड़ ग्राहक हैं। वहीं, केनरा बैंक 11.03 करोड़ खाताधारकों के साथ पांचवें स्थान पर अपनी जगह बनाए हुए है। इन शीर्ष पांच बैंकों के अलावा, बैंक ऑफ इंडिया के भी 11.03 करोड़, इंडियन बैंक के 9.49 करोड़ और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 8.25 करोड़ खाताधारक हैं। इंडियन ओवरसीज बैंक के 4.45 करोड़, यूको बैंक के 4.55 करोड़, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के 3.06 करोड़ और पंजाब एंड सिंध बैंक के 1.75 करोड़ खाताधारक हैं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि सरकारी बैंकों पर आज भी बड़ी संख्या में भारतीय ग्राहकों का विश्वास बना हुआ है, और वे वित्तीय समावेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।






