संताल एक्सप्रेस संवाददाता

जामताड़ा । साइबर अपराध के गढ़ के रूप में चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने ठगी के दो अलग-अलग गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी स्थित पानी टंकी के पीछे छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपितों में पांच साइबर थाना कांड संख्या 77/26 तथा पांच कांड संख्या 76/26 के आरोपी हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य ई-कॉमर्स और ई-पेमेंट कंपनियों के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर गूगल पर अपलोड करते थे। ग्राहक जब सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करते, तो उन्हें समस्या समाधान का भरोसा देकर एपीके फाइल भेजी जाती थी। इसे डाउनलोड करवाने के बाद मोबाइल की गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे। इसके अलावा गिरोह के सदस्य कमीशन के लालच में अपने नाम पर कई सिम कार्ड लेकर दूसरे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला था।
गिरफ्तार आरोपितों में साजिद, सागीर, दिलबर, कलीम, इमरान, संजय, राजू, टुनटुन, धीरज और अबीशन मुर्मू शामिल हैं। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में 25 नवंबर तक 170 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। इस दौरान 410 मोबाइल, 490 सिम, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप, 24.33 लाख रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल सहित पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।





