नई दिल्ली । देश के कई राज्यों में महिलाओं, किसानों और जरूरतमंदों को सीधे बैंक खातों में पैसे भेजने वाली कल्याणकारी योजनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इन योजनाओं पर होने वाला खर्च दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है, जिसका सीधा असर राज्यों के बजट पर पड़ रहा है। कई राज्यों में तो यह खर्च सड़क, पुल जैसे विकास कार्यों के लिए आवंटित पूंजीगत राशि से भी अधिक हो गया है। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च की हालिया स्टेट ऑफ स्टेट फाइनेंसेज 2026-27 रिपोर्ट के अनुसार, राज्यों ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में ऐसी 128 योजनाओं के लिए लगभग 4 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। रिपोर्ट बताती है कि 2018-19 में राज्यों की कुल राजस्व प्राप्तियों में सब्सिडी और सीधे पैसे देने वाली योजनाओं के खर्च का हिस्सा 16 प्रतिशत था, जो 2023-24 तक बढ़कर 21 प्रतिशत हो गया है।
इस दौरान, ऐसी योजनाओं पर खर्च में सालाना औसतन 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बिना किसी शर्त के सीधे पैसे देने वाली इन योजनाओं पर खर्च 2022-23 में देश की जीडीपी का 0.6 प्रतिशत था, जिसके 2026-27 में बढ़कर एक प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। सबसे ज्यादा खर्च करने वाले राज्यों में पश्चिम बंगाल पहले स्थान पर है, जिसने 2026-27 में इन योजनाओं के लिए 47,542 करोड़ रुपये रखे हैं। इसके बाद कर्नाटक (40,392 करोड़ रुपये) और महाराष्ट्र (38,549 करोड़ रुपये) का नंबर आता है। पश्चिम बंगाल का इन योजनाओं पर खर्च उसके कुल पूंजीगत खर्च (40,930 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश ने भी बड़ी रकम का प्रावधान किया है। महिलाओं को सीधे पैसे देने वाली योजनाओं पर सबसे अधिक खर्च किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल ने महिलाओं के लिए 36,000 करोड़ रुपये रखे हैं, जबकि कर्नाटक ने 28,608 करोड़ रुपये और महाराष्ट्र ने 26,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। ये योजनाएं पश्चिम बंगाल में लक्ष्मी भंडार, कर्नाटक में गृह लक्ष्मी और महाराष्ट्र में लाडकी बहिन जैसे नामों से चल रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल अपनी कुल राजस्व प्राप्तियों का लगभग 11 प्रतिशत केवल महिलाओं को पैसे देने वाली योजनाओं पर खर्च कर रहा है। किसानों को सीधे आर्थिक मदद देने के मामले में तेलंगाना सबसे आगे है, जिसने 2026-27 में किसान सहायता योजनाओं के लिए 18,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह केंद्र सरकार की पीएम-किसान योजना के अतिरिक्त है। बुजुर्गों, विधवाओं और अन्य जरूरतमंदों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर भी राज्यों का काफी पैसा खर्च हो रहा है, जिसका अनुमानित खर्च जीडीपी का 0.39 प्रतिशत है। पेंशन पर सबसे ज्यादा खर्च आंध्र प्रदेश कर रहा है, जिसने इसके लिए 27,343 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। युवाओं को सीधे आर्थिक मदद देने वाली योजनाओं पर बहुत कम पैसा खर्च हो रहा है, जिसमें केवल पांच राज्यों ने ही अलग से पैसा रखा है। विशेषज्ञों के अनुसार, सीधे पैसे देने वाली योजनाएं किसी एक राजनीतिक पार्टी या राज्य तक सीमित नहीं हैं, लेकिन हर राज्य में इन पर खर्च राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर निर्भर करता है। 16वें वित्त आयोग ने इन योजनाओं पर बढ़ते खर्च को लेकर चिंता जताई है और लाभार्थियों की संख्या व पात्रता की समीक्षा का सुझाव दिया है, ताकि सरकारी पैसे का सही इस्तेमाल हो और विकास कार्यों पर दबाव कम हो।






