नई दिल्ली । शरीर में विटामिन बी12 की कमी होने पर केवल थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएं ही नहीं होतीं, बल्कि लंबे समय तक कमी बनी रहने से याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है। विटामिन बी12 शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है। यह खून में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण के साथ-साथ दिमाग और नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विटामिन बी12 नसों के चारों ओर मौजूद सुरक्षात्मक परत को बनाए रखने में मदद करता है। इसकी कमी को समय रहते पहचानना इसलिए जरूरी है, क्योंकि गंभीर स्थिति में न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं। विटामिन बी12 को कोबालामिन भी कहा जाता है। यह पानी में घुलनशील विटामिन है और शरीर की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में मदद करता है। नसों के चारों ओर मौजूद माइलिन शीथ नामक परत उनके जरिए संदेशों के सही आदान-प्रदान के लिए जरूरी होती है। बी12 की कमी से इस परत को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे दिमाग और शरीर के बीच सूचनाओं का संचार प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा यह विटामिन याददाश्त, एकाग्रता और निर्णय लेने की क्षमता को सामान्य बनाए रखने में भी सहायक है। शरीर में इसकी कमी होने पर कई तरह के संकेत दिखाई दे सकते हैं। इनमें बार-बार चीजें भूलना, हाल में हुई घटनाएं याद रखने में परेशानी, दिमाग में भारीपन या उलझन महसूस होना और किसी काम पर ध्यान केंद्रित न कर पाना शामिल है। कुछ लोगों में बिना स्पष्ट कारण चिड़चिड़ापन, उदासी, बेचैनी और डिप्रेशन जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। इसके अलावा हाथ-पैरों में झनझनाहट, सुन्नपन, मांसपेशियों में कमजोरी और चलते समय संतुलन बिगड़ना भी विटामिन बी12 की कमी के संकेत हो सकते हैं। गंभीर स्थिति में मानसिक भ्रम और व्यवहार में बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।
कुछ लोगों में इस विटामिन की कमी होने का जोखिम अधिक रहता है। शाकाहारी और वीगन लोगों को पर्याप्त बी12 नहीं मिलने की आशंका हो सकती है, क्योंकि यह मुख्य रूप से पशु-आधारित खाद्य पदार्थों में पाया जाता है। 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में भोजन से बी12 अवशोषित करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। शरीर में इसकी कमी के पीछे खराब खानपान, पेट में एसिड का कम बनना, इंट्रिंसिक फैक्टर नामक प्रोटीन की कमी और पोषक तत्वों का ठीक से अवशोषित न होना जैसे कारण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर खुद से सप्लीमेंट लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेकर जांच कराना जरूरी है। सीलिएक और क्रोहन जैसी आंतों की बीमारियों से पीड़ित लोगों तथा पेट की सर्जरी करा चुके लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है। इसके अलावा लंबे समय तक मेटफॉर्मिन और पेट में एसिड कम करने वाली कुछ दवाओं का सेवन भी बी12 की कमी का जोखिम बढ़ा सकता है।






