नई दिल्ली । उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को दल-बदल विरोधी कानून के ढांचे में व्यापक सुधार की मांग करने वाली एक जनहित याचिका पर केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और विधि आयोग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने इस मामले की प्रारंभिक सुनवाई करते हुए केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्रालय को भी पक्षकार के रूप में नोटिस जारी किए हैं।

यह याचिका ए. सेतु नाम के व्यक्ति ने वकील आर. सतीश कुमार और जतिन के माध्यम से दायर की है। याचिका में संवैधानिक व्यवस्थाओं की खामियों का हवाला देते हुए विधायकों और सांसदों द्वारा किए जाने वाले ‘रणनीतिक इस्तीफों’ की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की गुहार लगाई गई है।
याचिका में दलील दी गई है कि अयोग्यता की कार्यवाही का सामना कर रहे या इसकी आशंका रखने वाले जनप्रतिनिधि पीठासीन अधिकारी (स्पीकर या सभापति) के फैसले से पहले ही इस्तीफा दे देते हैं। इससे सदन का संख्याबल बदल जाता है और चुनी हुई सरकारों के स्थायित्व पर असर पड़ता है। मांग की गई है कि यदि अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है, तो मात्र इस्तीफा देने से वह कार्यवाही स्वतः समाप्त न मानी जाए।
स्पीकर या सभापति को ठोस तथ्यों के आधार पर यह जांच करनी चाहिए कि दिया गया इस्तीफा वास्तव में स्वैच्छिक और वास्तविक है या किसी राजनीतिक दबाव में दिया गया है, और इस पर एक तर्कसंगत आदेश पारित किया जाना चाहिए। अयोग्यता याचिकाओं और इस्तीफों के निपटारे में होने वाली देरी को रोकने के लिए एक समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया तय की जाए। साथ ही, ऐसे मामलों में स्पीकर की निर्णायक भूमिका की संस्थागत समीक्षा की जाए।
याचिका में यह भी मांग की गई है कि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार बनाने के दावे का परीक्षण सदन के बाहर समर्थन पत्रों या परेड के जरिए न हो बल्कि संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद केवल विधिवत गठित सदन के पटल पर ही बहुमत साबित किया जाए।





