जलविद्युत उत्पादन में कमी के कारण निर्णय लिया
काठमांडू । नेपाल को आगामी शीतकाल में घरेलू बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारत से 350 मेगावाट तक बिजली आयात करने की मंजूरी मिल गई है। जलविद्युत उत्पादन में कमी और हाल की बाढ़ से कई परियोजनाओं को हुए नुकसान के कारण यह निर्णय लिया गया है। नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के अधिकारियों के अनुसार भारत के केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) ने एनईए को भारतीय ऊर्जा एक्सचेंज (आईईएक्स) से प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली खरीदने की अनुमति दी है। यह मंजूरी 17 नवंबर, 2026 से 31 जुलाई, 2027 तक वैध है, जिससे नेपाल को भविष्य में भी मौसमी अंतर को पाटने में मदद मिलेगी। नेपाल की बिजली आपूर्ति मुख्य रूप से नदी के प्रवाह पर निर्भर जलविद्युत परियोजनाओं पर आधारित है। सर्दियों में जलस्तर घटने से उत्पादन कम हो जाता है। इसके अतिरिक्त, अगस्त में रसुवा-भोटेकोशी क्षेत्र में आई बाढ़ से 431 मेगावाट क्षमता वाली परियोजनाएं अभी भी राष्ट्रीय ग्रिड से जुड़ नहीं पाई हैं, जिससे संकट और गहरा गया है। हालांकि, अप्रैल के मध्य से नदियों का जलस्तर बढ़ने पर घरेलू उत्पादन में सुधार की उम्मीद है, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी और नेपाल फिर से बिजली निर्यात शुरू कर सकेगा।






