कर्मचारियों की आरबीआई से फेयरफैक्स डील रोकने की मांग; सरकार का 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने का प्रस्ताव
मुंबई । आईडीबीआई बैंक को प्राइवेट करने और इसे कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स को बेचने के खिलाफ बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने विरोध तेज कर दिया है। कर्मचारी यूनियनों ने इस बिक्री के विरोध में 3 दिसंबर को देशभर में हड़ताल करने का ऐलान किया है।
कर्मचारियों के संगठन ने आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा को चि_ी लिखकर इस सौदे को रोकने की मांग की है। यूनियन चाहती है कि जब तक इस पूरी डील की स्वतंत्र जांच नहीं हो जाती, तब तक आरबीआई विदेशी कंपनी को बैंक का मालिकाना हक और कंट्रोल सौंपने की मंजूरी न दे।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
यूनियनों ने केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम से इस प्रस्तावित बिक्री को तुरंत वापस लेने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि आईडीबीआईबैंक एक राष्ट्रीय संपत्ति है और इसे किसी विदेशी कंपनी के हाथों में नहीं सौंपा जाना चाहिए। इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में भी बैंक कर्मचारियों ने बहुलांश हिस्सेदारी बेचने के विरोध में दो दिन की देशव्यापी हड़ताल की थी। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे एक दिन से ज्यादा की हड़ताल करेंगे और बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा सकते हैं।






