चेन्नई । पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने एक खिलाड़ी के तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले लिया है। ऐसे में अब धोनी आईपीएल 2027 में सीएसके के मेंटर की भूमिका निभाते दिखेंगे। धीनी की कप्तानी में सीएसके ने पांच बार खिताब जीता था पर पिछले कुछ समय से बढ़ती उम्र और फिटनेस धोनी के लिए परेशानी बनती जा रही थी। इसी कारण उन्हों खेल से संन्यास का फैसला लिया है। ऐस में अब वह मेंटर की भूमिका में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते दिखेंगे। यह बदलाव धोनी और फ्रेंचाइजी दोनों के लिए ही एक नए अध्याय की तरह है। इससे टीम के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा।
शांत रहते हुए रणनीतिक सूझबूझ और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता के कारण ही वह टीम को कई सफलताएं दिलाने में सफल रहे हैं। अब खिलाड़ी के तौर पर भले ही उनका सफर भले ही अब थम गया हो, लेकिन उनका अनुभव टीम के लिए मूल्यवान साबित होगा। वह अब डगआउट में बैठकर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे, युवा प्रतिभाओं को निखारेंगे और टीम की रणनीति में अहम भूमिका निभाएंगे। चेन्नई के साथ उनका रिश्ता केवल एक खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी का नहीं रहा है, बल्कि वह टीम की पहचान बन चुके हैं। उनके फैसलों, नेतृत्व क्षमता और मैदान पर उपस्थिति से ही सीएसके को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, जिससे उनका नाम फ्रेंचाइजी के साथ हमेशा के लिए जुड़ गया है।
चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने भी धोनी की नई भूमिका को लेकर अपनी बात रखी। श्रीनिवासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व भारतीय कप्तान हमेशा फ्रेंचाइजी की पहचान का एक अभिन्न हिस्सा रहेंगे, चाहे उनकी मैदान पर भूमिका कुछ भी हो। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खिलाड़ी के तौर पर उनकी भूमिका बदल रही है, लेकिन टीम के साथ उनका जुड़ाव पहले की तरह ही अटूट बना रहेगा। धोनी के मेंटर बनने से टीम को उनके लंबे अनुभव का सीधा लाभ मिलेगा, खासकर उन युवा खिलाड़ियों को जो उनके मार्गदर्शन में खेलने और सीखने का अवसर प्राप्त करेंगे। यह टीम के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि धोनी आईपीएल 2026 में घुटने का दर्द उभरने के कारण एक भी मैच नहीं खेल पाये थे पर इसके बावजूद वह टीम के साथ मैदान पर नियमित रूप से आते थे। उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में प्रशंसक स्टेडियम पहुंचते थे, जो धोनी की अपार लोकप्रियता और उनके प्रति प्रशंसकों के प्यार को दिखात है।
धोनी के नाम आईपीएल इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 226 आईपीएल मैचों में कप्तानी की है जिसमें से उन्होंने अपनी टीम को 133 मैचों में जीत दिलाई है। इस सूची में उनके आस-पास भी कोई दूसरा कप्तान नहीं है।धोनी ने अपने पूरे आईपीएल करियर में हमेशा नंबर 5, 6 या 7 पर बल्लेबाजी की, जहां खेलने के लिए बहुत कम गेंदें मिलती हैं। इसके बावजूद उन्होंने आईपीएल में 5,400 से ज्यादा रन बनाए हैं हालांकि वह कोई शतक नहीं लगा पाये।






