गोड्डा : जिला मुख्यालय सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के काली मंदिर व पूजा पंडालों में गुरुवार की देर रात मां काली की प्रतिमा का विधिवत पूजन करने के उपरांत आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिये गए। जिला मुख्यालय स्थित मां बड़ी काली मंदिर,चपरासी मुहल्ला स्थित काली मंदिर, गंगटा चौक काली मंदिर, रामनगर कालीमंदिर, शांतिनगर बम काली मंदिर, राजेन्द्र नगर स्थित मां बम काली मंदिर, रौतारा चौक स्थित भीमा काली मंदिर में प्रतिका की स्थापना के उपरांत श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। शुक्रवार की अहले सुबह से पूजन व दर्शन को लेकर लोगों की आवाजाही लगी रही। मंदिर परिसर व आसपास क्षेत्र में लगाई गई दुकानों में आसपास के श्रद्धालुओं ने जमकर खरीददारी की। मंदिरों में बजने वाली भक्ति गीतों से आसपास क्षेत्र का माहौल आध्यात्मिक हो गया है। बड़ी काली मंदिर को आकर्षक रूप दिया गया था जहां शांतिपूर्ण माहौल में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के संरक्षक गणेश कुमार जायसवाल, अध्यक्ष अरुण टेकरीवाल, सचिव दिलीप कुमार साह, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार गाडिया, मीडिया प्रभारी प्रीतम गाडिया, उपाध्यक्ष राजेश कुमार गाडिया, उपसचिव महेश बजाज सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी का सराहनीय योगदान रहा।
—————————————————————————————————————-
जिला मुख्यालय से सटे कझिया किनारे अवस्थित श्मशान काली मंदिर में स्थापित प्रतिमा का भव्य पूजन किया गया। पूजन संध्या छह बजे से ही शुरू कर दी गई जो देर रात तक जारी रहा। इस दौरान पूजन, प्रसाद वितरण व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर में पूजन कर रहे राजेश झा, अजीत सिंह,परमानंद साह, सुनील झा आदि ने बताया कि श्मशान काली मंदिर इस क्षेत्र के तमाम श्रद्धालुओं के आस्था का प्रमुख केन्द्र है। यहां सुबह- शाम श्रद्धालु आकर मैया का दर्शन करते हैं और शांति का अनुभव करते हैं। यहां की फुलवारी भी निराली है। यहां विभिन्न किस्मों के हर्बल पौधे भी लगाये गये है। यह सहज ही आने वाले श्रद्धालुओं का मन मोह लेता है।
—————————————————————————————————————-
महेशपुर काली मंदिर में भव्य पूजनोत्सव :: बसंतराय प्रखंड के महेशपुर काली मंदिर में कार्तिम अमावस्या पर भव्य पूजनोत्सव का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक कार्यक्रम सुबह सात बजे दुर्गा सप्तशती पाठ से शुरू हुआ। पांच आवृत्ति चंडी पाठ होने के उपरांत माता का विधिवत पूजन किया गया। पूजनोपरांत आयोजित महा आरति में भाग लिया। पूजन के उपरांत कुमारी भोज व महाप्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित नीलेश कुमार झा, पटल कुमार, दिवाकांत झा सहित समिति सदस्यों ने बताया कि महेशपुर काली मंदिर में प्रत्येक अमावस्या पर मां काली का विशेष पूजनोत्सव किया जाता है। यहां सालों भर दो पंडि़तों द्वारा दुर्गासप्तशती पाठ किया जाता है। जबकि अमावस्या को दो अतिरिक्त पंडितों द्वारा दुर्गा सप्तशति पाठ कराया जाता है। वहीं कुमारी भोज व खीर व मिष्ठान का भोग मां को समर्पित किया जाता है। इसके बाद महाप्रसाद के रूप में खीर ग्रहण किया जाता है।
—————————————————————————————————————-
लक्ष्मीपुर में काली पूजा पर श्रद्धालुओं की भीड़ : बसंतराय प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव के प्राचीन काली मंदिर में भव्य काली पूजा का आयोजन किया जाता है। यहां गुरुवार की अर्द्ध रात्रि प्रतिमा की स्थापना की गई। इसके बाद विधिवत पूजन किया गया। अहले सुबह से ही आसपास क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर में हो रहे जयघोष से आसपास गांव का माहौल् आध्यात्मिक हो गया है। ग्रामीण शंकर शर्मा, अमीत कुमार आदि ने बताया कि यहां प्रतिवर्ष भव्य पूुजा का आयोजन किया जाता है। यहां पूरे जिले के श्रद्धालु माता का दर्शन करने आते हैं। इसी प्रकार अन्य प्रखंडों में भी काली पूजा की धूम मची रही। शनिवार को स्थापित प्रतिमा को विसर्जित कर दिया जाएगा।



