जामताड़ा : साइबर अपराध के मामले में जामताड़ा साइबर पुलिस को नई उपलब्धि हासिल हुई है। गुरुवार को कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कई गांव में छापामारी कर साइबर अपराध करते हुए 6 साइबर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने साइबर थाना में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पु०नि०-सह-थाना प्रभारी अब्दुल रहमान के नेतृत्व में पु०नि० बिहारी मराण्डी एवं अन्य पुलिसकर्मी को शामिल करते हुए करमाटॉड थानान्तर्गत ग्राम काशीटॉड, सीताकाटा एवं बनकट्टी में साईबर अपराधियों के विरूद्ध छापामारी किया गया। साईबर अपराध कारित करते हुए साईबर अपराधकर्मी दुर्योधन महतो, चाँद किशोर सिंह, छोटेलाल दास, मनपुरन दास उर्फ अर्जुन, चारों थाना करमाटांड़, टिंकु रविदास, ग्राम खड़काबाद, थाना गोविन्दपुर, जिला धनबाद वर्तमान पता- ग्राम सीताकाटा (ससुराल), थाना करमाटाँड़, किस्मत अंसारी, ग्राम घोषबाद, थाना करमाटाँड़, जिला जामताड़ा वर्तमान पता- ग्राम बनकट्टी, थाना करमाटाँड को फर्जी मोबाईल, सिम, ए०टी०एम० कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड, मोटरसाईकिल, नगद के साथ पकड़ा गया। इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साईबर अपराध थाना में कांड दर्ज किया गया है। बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है। इन अपराधियों के पास से सोलह एंड्राइड मोबाइल फोन, 21 फर्जी सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक पासबुक, एक आधार कार्ड, ₹30000 नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि माय जियो ऐप से फोन पर में ₹ 2999 कैशबैक का मैसेज भेज कर ग्राहक को एक्सेप्ट करने के लिए बोलते हैं। ग्राहक द्वारा एक्सेप्ट किए जाने के बाद माय जिओ ऐप में पैसा आता है। क्रेडिट डेबिट कार्ड बंद होने की बात कह कर ग्राहकों को झांसे में लेना और विभिन्न ऐप के माध्यम से उनकी गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करना इन अपराधियों का मुख्य पेशा है। बताया कि इन अपराधियों का कार्य क्षेत्र मूलतः पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश है।



