संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़ )। पाकुड़ एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हिरणपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के डांगापाड़ा स्थित एक हार्डवेयर दूकान में छापेमारी कर 51 बोतल देशी व विदेशी शराब जब्त किया है। वहीं मामले में पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। मिली जानकारी के अनुसार पाकुड़ एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि डांगापाड़ा में अवैध रुप से शराब का भंडारण कर बिक्री किया जा रहा है। जिसपर एसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ डीएन आजाद के नेतृत्व में थाना प्रभारी नवीन कुमार, एएसआई शुभदीप कुमार आदि ने डांगापाड़ा चौक में स्थित एक हार्डवेयर दुकान में छापेमारी की जहां पुलिस ने अवैध रूप से भंडारण किये हुए 8 किंगफिशर बियर, 6 बेड मंकी कैन बियर, 4 मैजिक मोमेंटस, 3 मैकडोवेल्स व्हिस्की, 4 रॉयल स्टेग व्हिस्की, 5 बी7 व्हिस्की, 2 बकाडी लेमन, 19 शक्तिमान देशी शराब को जब्त किया। इसके साथ ही पुलिस ने शराब विक्रेता अजित साहा को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। जिससे पूछताछ करने पर उक्त शराब को कोई भी कागजात उसके द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। इस बाबत थाना कांड संख्या 60/24 में विभिन्न धाराओं में केस करते हुए पुलिस ने अभियुक्त को सोमवार को जेल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि अवैध धंधों पर पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



