संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा-मालदा रेल मंडल के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 174 एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 58 लाख 95 हजार 878 रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई से रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है.मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं. सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम ने स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया. ट्रेन के पहुंचते ही संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 174 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए. पूछताछ के दौरान वे मोबाइल फोन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद आरपीएफ ने सभी मोबाइल फोन जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया.
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वनांचल एक्सप्रेस में जांच अभियान चलाया गया था. जांच के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से 174 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. जिनकी अनुमानित कीमत करीब 58.95 लाख रुपये है. बरामद मोबाइल फोन के संबंध में आरोपित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों एवं जब्त मोबाइल फोन को आगे की जांच के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है.
उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन के स्रोत, स्वामित्व और इनके परिवहन के उद्देश्य की जांच की जा रही है. मामले में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता.आरपीएफ द्वारा जब्त मोबाइल फोन और दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में बरहरवा स्टेशन पर हुई सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक माना जा रहा है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


