करमा मध्य विद्यालय से चोरी हुए कंप्यूटर उपकरण बरामद, दो बाइक और मोबाइल भी जब्त
देवघर। सारठ थाना क्षेत्र के करमा स्थित मध्य विद्यालय में हुए कंप्यूटर उपकरण चोरी कांड का पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए अधिकांश सामान बरामद कर लिए हैं। और एक बालक को विधि-विरुद्ध किया है,जानकारी के अनुसार, मध्य विद्यालय करमा के प्रधानाध्यापक पंचानंद राय ने 11 जून को सारठ थाना में आवेदन देकर विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष से कंप्यूटर और उससे जुड़े उपकरणों की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सारठ थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद रविवार को छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर करमा गांव निवासी शशिकांत सिंह के घर तथा आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद वस्तुओं में दो सीपीयू, एक यूपीएस, एक प्रिंटर, एक हार्ड डिस्क, तीन मॉनिटर, तीन बैटरियां, की-बोर्ड, केबल, दो माउस, एक बैटरी चार्जर, एक आई-कॉन कैमरा, चार पेन ड्राइव, तीन मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में करमा गांव निवासी 19 वर्षीय शशिकांत सिंह और गजियाडीह निवासी 22 वर्षीय मनीष कुमार राणा शामिल हैं। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सारठ पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विद्यालय से चोरी हुए सामान की बरामदगी होने से स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने राहत की सांस ली है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।


