संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़)। मानसिंहपुर क्षेत्र में ट्रक चालकों से कथित अवैध वसूली, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप को लेकर रविवार को कई ट्रक मालिक एवं चालक हिरणपुर थाना पहुंचे। उन्होंने थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।थाना में दिए आवेदन में ट्रक मालिकों ने बताया कि वे मानसिंहपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से माल लेकर पीडब्ल्यूडी सड़क के रास्ते ट्रकों का परिचालन करते हैं। आरोप है कि कुछ ग्रामीण लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर सड़क पर पहुंचकर ट्रकों को जबरन रोकते हैं तथा चालकों से रुपये की मांग करते हैं। राशि देने से इनकार करने पर गाली-गलौज, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ताओं के अनुसार, मानसिंहपुर क्षेत्र में सड़क पर पत्थर रखकर ट्रकों का आवागमन बाधित किया जा रहा है। वहीं महारो गांव से काशिला मोड़ तक कई स्थानों पर पत्थर और बांस लगाकर रास्ता रोकने तथा वाहनों से पांच से छह हजार रुपये तक की कथित वसूली किए जाने का आरोप है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि 22 सितंबर से उक्त मार्ग पर ट्रकों का परिचालन जबरन बंद कराया गया है।
ट्रक मालिकों का कहना है कि मार्ग बाधित होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही ट्रक चालक और खलासी भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन देकर मामले की जांच, सड़क पर यातायात बहाल कराने तथा कथित अवैध वसूली, मारपीट एवं तोड़फोड़ के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।


