खरीफ खेती को लेकर क्या है विभाग का रोडमैप, पढ़िए पूरी बातचीत
शेखर सुमन
देवघर। खरीफ सीजन में मानसून की स्थिति, फसलों की बुआई, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था तथा किसानों के लिए कृषि विभाग की तैयारियों को लेकर संताल एक्सप्रेस के विशेष संवाददाता शेखर सुमन ने अनुमंडल सह जिला कृषि पदाधिकारी वीणा कुमारी टुड्डू से विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश:
————————————————————————————————————-
प्रश्न. जिले में इस वर्ष खरीफ फसलों की बुआई का क्या लक्ष्य है और अब तक कितने क्षेत्र में बुआई हो चुकी है?
उत्तर : जिले में खरीफ फसलों की बुआई निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चल रही है। कृषि विभाग लगातार इसकी निगरानी कर रहा है और विभिन्न प्रखंडों में बुआई का कार्य प्रगति पर है।
————————————————————————————————————-
प्रश्न. जिले में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की क्या स्थिति है? अब तक कितने आवेदन प्राप्त हुए और कितने स्वीकृत किए गए हैं?
उत्तर : जिले में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लिए अब तक 54,316 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15,298 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। शेष आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन और प्रक्रिया पूरी कर उन्हें भी स्वीकृत करने की कार्रवाई जारी है।
————————————————————————————————————-
प्रश्न . मानसून की स्थिति को देखते हुए किसानों के लिए कृषि विभाग की क्या तैयारी और सलाह है?
उत्तर : कृषि विभाग ने मानसून को देखते हुए किसानों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। किसानों को मौसम के अनुसार समय पर बुआई करने, प्रमाणित बीजों का उपयोग करने तथा कृषि विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
————————————————————————————————————-
प्रश्न. धान, मक्का और दलहन फसलों के लिए बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता कैसी है? कहीं कमी की शिकायत तो नहीं है?
उत्तर : जिले में धान, मक्का एवं दलहन फसलों के लिए बीज एवं उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। अब तक किसी भी क्षेत्र से कमी की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
————————————————————————————————————-
प्रश्न. यदि वर्षा सामान्य से कम या अधिक होती है, तो किसानों के लिए विभाग की वैकल्पिक फसल योजना क्या है?
उत्तर : वर्षा सामान्य से कम या अधिक होने की स्थिति में किसानों को दलहन एवं मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करने की सलाह दी गई है, ताकि नुकसान कम हो और बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके।
————————————————————————————————————-
प्रश्न . खरीफ फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम के लिए विभाग क्या कदम उठा रहा है?
उत्तर : खरीफ फसलों में कीट एवं रोगों की रोकथाम के लिए कृषि विभाग किसानों को बीजोपचार करने की सलाह दे रहा है। इससे फसलें प्रारंभिक अवस्था में रोगों से सुरक्षित रहती हैं।
————————————————————————————————————-
प्रश्न . किसानों को आधुनिक खेती, मृदा परीक्षण और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए विभाग कौन-कौन से प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है?
उत्तर : किसानों को आधुनिक खेती, मृदा परीक्षण एवं नई कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिए कृषि विभाग द्वारा नियमित रूप से किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।
————————————————————————————————————-
प्रश्न. जिले में सिंचाई की क्या व्यवस्था है? जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या है, वहां किसानों को क्या सहायता दी जा रही है?
उत्तर : जिले में सिंचाई के लिए तालाब, कुएं तथा पीडीएमसी (Per Drop More Crop) एवं राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि कम पानी में भी बेहतर सिंचाई और अधिक उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
————————————————————————————————————-
प्रश्न. प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और मोटे अनाज (श्री अन्न) को बढ़ावा देने के लिए विभाग की क्या योजनाएं हैं?
उत्तर : प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं श्री अन्न को बढ़ावा देने के लिए झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से किसानों को प्रोत्साहन एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है।
————————————————————————————————————-
प्रश्न. जुलाई–अगस्त के दौरान किसानों के लिए आपकी सबसे महत्वपूर्ण सलाह क्या होगी, ताकि वे बेहतर उत्पादन और नुकसान से बचाव सुनिश्चित कर सकें?
उत्तर : जुलाई–अगस्त के दौरान किसान मौसम को ध्यान में रखते हुए अरहर, मूंग, उड़द एवं मक्का जैसी फसलों की खेती करें। साथ ही बीजोपचार, समय पर बुआई तथा कृषि विभाग की सलाह का पालन करें, ताकि बेहतर उत्पादन के साथ फसल नुकसान से भी बचाव हो सके।


