◆झामुमो जिला कमेटी के अध्यक्ष शिवा बास्की ने की आधिकारिक घोषणा
◆सोशल मीडिया में कुछ प्रत्याशियों द्वारा किये जा रहे प्रचार को बताया भ्रामक, स्वविवेक से मतदान की अपील
नगर निकाय चुनाव
सुमन सिंह
दुमका।नगर निकाय चुनाव में झामुमो दुमका जिला में किसी भी प्रत्याशी को अपना समर्थन नहीं देगा।रविवार को झामुमो के जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की उर्फ शिवा ने इसकी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।शिवा बास्की द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि गैर-दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में झामुमो के शीर्ष नेतृत्व ने दुमका नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत में वार्ड पार्षद या अध्यक्ष, किसी भी पद के लिए न तो प्रत्याशी उतारा है और न ही किसी प्रत्याशी को समर्थन देने का निर्णय लिया है।प्रेस बयान में कहा गया है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ प्रत्याशियों या उनके समर्थकों द्वारा आम जनता को दिग्भ्रमित या गुमराह किये जाने की सूचना मिल रही है।झामुमो के आलाकमान के निर्देश पर जारी प्रेस बयान में आम जनता से झामुमो द्वारा अपील की गई है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गुमराह करने वाले एवं भ्रामक प्रचार से बचते हुए अपने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अपने स्वविवेक से अपने मताधिकार का उपयोग करें।


