श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं के आकर्षण का नया केंद्र बना शिवगंगा परिसर
देवघर । श्रावणी मेला 2026 के दौरान देवघर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शिवगंगा का नजारा इस बार और भी आकर्षक बना दिया गया है। देवघर नगर निगम की पहल पर नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शिवगंगा घाट के किनारों पर भगवान शिव की मनमोहक 3डी पेंटिंग्स तैयार की गई हैं, जो श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। शिवगंगा तट पर बनाई गई इन कलाकृतियों में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ त्रिशूल, डमरू और गंगावतरण जैसे धार्मिक प्रतीकों को जीवंत रूप में उकेरा गया है। इन पेंटिंग्स से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया है और श्रद्धालु यहां रुककर इनका आनंद ले रहे हैं।
रंग-बिरंगी और आकर्षक 3डी पेंटिंग्स के कारण शिवगंगा परिसर अब प्रमुख सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी उभरकर सामने आया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां यादगार तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और रील बनाकर अपने श्रावणी मेला के अनुभव को संजो रहे हैं। नगर निगम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और यादगार वातावरण उपलब्ध कराना है। शिवगंगा घाट की यह नई सजावट श्रावणी मेला की भव्यता में चार चांद लगाने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान दे रही है।


