चित्तरंजन। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में साइबर ठगों ने तकनीक और मनोवैज्ञानिक दबाव का इस्तेमाल कर अब तक की सबसे बड़ी ठगी को अंजाम दिया। असानसोल नगर निगम के पूर्व अधिकारी सुकुमार दे से 1 करोड़ 65 लाख रुपये की ठगी की गई। 11 जून को सुकुमार दे ने साइबर क्राइम थाना में केस संख्या 48/25 के तहत शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 9 मई को उन्हें एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को बीएसएनएल अधिकारी बताया और आधार से जुड़ी सिम के गलत इस्तेमाल का दावा किया।
फिर एक व्यक्ति ने मुंबई पुलिस अधिकारी बनकर उन्हें देशद्रोही गतिविधियों और पीएफआई से संबंध होने का आरोप लगाया। डर का माहौल बनाकर ठगों ने सुप्रीम कोर्ट, आरबीआई और बैंक स्टेटमेंट के नकली दस्तावेज भेजे। जांच के नाम पर उन्होंने सुकुमार दे को लगातार 32 दिनों तक वीडियो कॉल के जरिए मानसिक दबाव में रखा और कथित आरबीआई खाते में पूरी रकम ट्रांसफर करवा ली। यहां तक कि घर के गहने भी गिरवी रखवाकर पैसा लिया गया। अंततः जब ठगों ने आरबीआई के पूर्व गवर्नर के नाम से फर्जी पत्र भेजा, तब जाकर सच्चाई का अंदेशा हुआ और मामला दर्ज हुआ। जांच अब राज्य साइबर शाखा के हवाले कर दी गई है।



