संताल एक्सप्रेस संवाददाता

श्रीराम भगत
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । अमड़ापाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप बीते मंगलवार की देर रात अचानक आग लगने की घटना में तीन दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं।इसमें लगभग दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सबसे पहले एक नास्ता दुकान से धुआं उठता देखा गया ।देखते ही देखते आग ने बगल की फर्नीचर दुकान और एक अस्थायी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी ,सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाने के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के निर्देश पर एसआई सलवाहन भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया ।वहीं बीजीआर और डीबीएल कोल कंपनियों के पानी टैंकरों को बुलाया गया जिनकी सहायता से आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया गया ।अगलगी में फर्नीचर दुकान में रखे पलंग, कुर्सी, टेबल समेत तमाम लकड़ी के सामान जलकर नष्ट हो गए, वहीं नास्ता दुकान में बर्तन, राशन सामग्री और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह खाक हो गया।प्रारंभिक जांच में नास्ता दुकान में जल रहे कोयले के चूल्हे से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है स्थानीय प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन किया जा रहा है।



