इलेक्ट्रिक बाइक और मोबाइल की खरीदारी में दिखा खास रुझान
महंगाई के कारण सोने-चांदी की खरीदारी पर पड़ा असर
मधुपुर : धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को मधुपुर का बाजार खरीदारों की भीड़ से गुलजार रहा. सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया था, लेकिन शाम ढलते ही बाजार में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, बाइक और मोबाइल की दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है. इसी परंपरा के चलते बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखी गई. खासकर स्टील के बर्तनों की मांग अधिक रही. वहीं, ज्वेलरी दुकानों में लोग सोने-चांदी के सिक्कों की खरीदारी करते नजर आए. हालांकि, कीमती धातुओं के बढ़ते दामों ने ग्राहकों को कुछ मायूस किया.
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में फ्रिज, वाशिंग मशीन और होम थिएटर की खरीदारी को लेकर भी उत्साह दिखा। इस वर्ष लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक बाइक और मोबाइल की ओर अधिक रहा. इलेक्ट्रिक बाइक की मांग को देखते हुए कई ग्राहकों ने बुधवार और गुरुवार को ही बुकिंग करा ली थी.शुक्रवार को बुकिंग की गई बाइक की डिलीवरी लेने का सिलसिला जारी रहा. सामान्य बाइक की बिक्री भी संतोषजनक रही, जिसमें हीरो और होंडा कंपनियों का दबदबा देखने को मिला.
हालांकि, दुकानदारों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बिक्री में कुछ कमी रही। बाजार में महंगाई का असर साफ दिखाई दिया.इसके बावजूद धनतेरस को लेकर लोगों में खरीदारी का उत्साह बना रहा और देर रात तक बाजार में रौनक कायम रही.

भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती. गांधी चौक, थाना मोड़, हटिया रोड, डालमिया कूप सहित प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. बाजार में सुचारु आवागमन और लोगों की सुरक्षित खरीदारी सुनिश्चित करने के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। इसके अलावा पुलिस की टीम लगातार गश्त करती रही.



