संताल एक्सप्रेस संवाददाता

पाकुड़। लोटामारा गांव स्थित डीबीएल कंपनी की कोयला अनलोडिंग साइडिंग में कार्यरत दर्जनों कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। वेतन विसंगति, पीएफ और ईपीएफओ से जुड़ी समस्याओं सहित 12 सूत्री मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल में ऑपरेटर, चालक और रोड साइडिंग में काम करने वाले मजदूर शामिल हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई।हड़ताल कर रहे हलधर साह, अकमान शेख और सुनील पाठक ने बताया कि नियुक्ति के समय 30 हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात कही गई थी, लेकिन फिलहाल उन्हें 25 से 26 हजार रुपये ही मिल रहे हैं। कर्मचारियों ने डीसीएम, पीएफ और ईपीएफओ की ऑनलाइन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर न तो पर्याप्त सुविधाएं मिलती हैं और न ही सुरक्षा के जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी के साथ विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जाती है।कर्मचारियों ने समय पर वेतन भुगतान नहीं होने और भोजन की उचित व्यवस्था का अभाव होने की शिकायत की। उनका कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कंपनी के अधिकारियों के साथ कई बार बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दीपावली नजदीक आने के बावजूद बोनस नहीं मिलने से कर्मचारियों की नाराजगी और बढ़ गई है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक काम पर वापस नहीं लौटेंगे।उधर, हड़ताल की सूचना मिलने पर डीबीएल कंपनी के प्रतिनिधि कर्मचारियों के बीच पहुंचे और बातचीत के जरिए मामला सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि, वार्ता बेनतीजा रही। कंपनी के एजीएम विनोद सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की कुछ समस्याएं हैं, जिन्हें दूर करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।



