लूटा गया ट्रक, वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद
देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस बनकर तार लदे ट्रक को लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वाहन के कागजात जांचने के बहाने ट्रक को रोका था और बाद में चालक व खलासी को दूसरे वाहन में बैठाकर ट्रक लेकर फरार हो गए थे। उक्त जानकारी सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को मीडिया को दी। घटना 5 नवंबर की सुबह करीब सात बजे की है। ट्रक मालिक दिल्ली निवासी रामेश्वर (48) की शिकायत के अनुसार, अज्ञात लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक को रोका और कागजात जांचने के बहाने चालक व खलासी को अपने वाहन में बैठा लिया।

इसके बाद ट्रक मालिक से रुपये की मांग की गई और आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक और वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार बरामद की गई। पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र के गादी नवादा निवासी और वर्तमान में जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर में रहने वाले मुकेश कुमार राय (45) तथा जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी और वर्तमान में मानिकपुर में रहने वाले कैलाशपति मिश्रा (35) के रूप में हुई है। छापेमारी दल का नेतृत्व सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने किया। टीम में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।



