मधुपुर : थाना क्षेत्र के पत्थरचप्टी मोहल्ला स्थित आम बगान में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के मोहलीडीह निवासी करीब 40 वर्षीय सुरेश पासवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुबह जब लोग बगान की ओर गए, तो उन्होंने पेड़ से लटकता हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सुरेश पासवान की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मधुपुर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन छानबीन कर रही है। इस घटना के बाद से पत्थरचप्टी मोहल्ला और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल है।


