झामुमो नेता राहुल चंद्रवंशी की लाइसेंसी पिस्तौल जब्त, लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा
देवघर। शहर में आलोक कुमार की मौत से जुड़ा मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। सड़क हादसे के बाद कथित हाथापाई और पिस्टल चमकाने की घटना को लेकर झामुमो नेता राहुल चंद्रवंशी सुर्खियों में हैं। घटना के बाद इससे जुड़ा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों में आक्रोश बढ़ा और गिरफ्तारी की मांग भी उठने लगी।
मामले में पुलिस की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार, राहुल चंद्रवंशी की लाइसेंसी पिस्तौल को रविवार को पुलिस ने जब्त कर लिया। सूत्रों का कहना है कि पिस्तौल के लाइसेंस को रद्द कराने के लिए पुलिस ने तीन दिन पूर्व ही उपायुक्त को अनुशंसा भेज दी थी। इसके बाद की कार्रवाई को लेकर भी पुलिस गंभीर रुख अपनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे प्रकरण से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना से संबंधित गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए। वहीं, दोनों पक्षों की ओर से इंटरनेट मीडिया पर लगातार बयानबाजी के कारण मामला और अधिक गरमाता जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह पूरा घटनाक्रम देवघर में हुआ, जहां स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर चर्चा तेज है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


