सातवें दिन भी अतिक्रमिक जगहों पर चला बुलडोजर
गोड्डा : शहर में बढ़ते जाम की समस्या के समाधान को लेकर नगर परिषद एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सातवें दिन अतिक्रमण मुक्त अभियान के दौरान कारगिल चौक से लेकर लहेरी टोला, महिला कॉलेज बायपास से हटिया चौक और फिर वहां से नगर परिषद कार्यालय तक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र की सड़कों के किनारे अतिक्रमित स्थानों पर नगर परिषद का बुलडोजर चलाकर अतिक्रमित किए गए जगहों को खाली कराया गया। ज्ञात हो कि यह अभियान पिछले सात दिनों से लगातार जारी है। जिसके तहत नगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। बताते चलें कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमिक स्थानों पर नगर परिषद का बुलडोजर चलाए जाने से पूर्व नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी ने सभी को पत्र जारी कर एवं माइकिंग के माध्यम से पूरे नगर क्षेत्र में अतिक्रमिक स्थानों को खाली कराने का अल्टीमेटम दिया गया था बावजूद किसी ने भी अतिक्रमिक जगहों को खाली नहीं किया जिसके बाद नगर परिषद का बुलडोजर चलाकर सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराया जा रहा है। वहीं शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराए जाने को लेकर नगर परिषद द्वारा अभी भी पूरे शहर में माईकिंग के माध्यम से लोगों को अतिक्रमण किए गए जगहों को खाली करने को कहा जा रहा है। यह अभियान कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गोड्डा, आशीष कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सड़कों और नालों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। वहीं सड़क और नाले पर हो रहे अतिक्रमण को चिन्हित करने के लिए रंग से सीमांकन किया गया। इस अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह का कार्य करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
वहीं इस अभियान में उन दुकानदारों को चिन्हित बनाया गया, जो अपनी दुकानों का सामान सड़क पर फैलाकर बिक्री करते हैं और दुकान को अपनी सीमा से बाहर कर छप्पर लगते हैं। ऐसे दुकानदारों का सामान जब्त कर उन्हें आर्थिक दंड दिया गया। इस अभियान के दौरान सड़क पर लगे वाहन के मालिकों को सलाह दी गई कि नो पार्किंग जोन में गाड़ी नहीं लगाया जाए, वाहन हमेशा पार्किंग जोन में रखें। वहीं संबंधित अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से तब तक जारी रहेगा जब तक कि शहर की सड़कों अतिक्रमणमुक्त न हो जाए और शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। उक्त अभियान के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं नगर थाना के पुलिस बल मौजूद रहे। वहीं बताया गया कि यह पहल गोड्डा शहर को जाम मुक्त कराने के लिए एक अहम कदम साबित हो सकती है।



