संताल एक्सप्रेस
जितेन्द्र दास
पाकुड़ । पाकुड़ में हिन्दू- मुस्लिम वोटर के समीकरण को साधने के जिस उम्मीद से भाजपा ने पाकुड़ विधानसभा की सीट आजसू कोटे में दी थी व उम्मीद यहां धराशायी हो गया। भाजपा की स्थिति यहा ढाक के सिर्फ तीन पात वाली हो गई। पाकुड़ विधानसभा में एनडीए कोटे के वोट बढ़ते के बजाय भाजपा का वोट और घट गया। इसके पीछे के कई कारण बताए जा रहे है। हाल में लोकसभा चुनाव में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को 80 हजार वोट मिले थे। जो इस विधानसभा चुनाव में घटकर 70 हजार के निचे पहुँच गया।
पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 434 मतदान केंद्र है। जिसमें 161 मतदान केंद्र साहेबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में पड़ता है। शेष मतदान केंद्र पाकुड़ और नगर परिषद क्षेत्र में पड़ता है। बरहरवा प्रखंड के 161 मतदान केंद्र की बात बात करे तो यहां के 107 मतदान केंद्र पर कांग्रेस प्रत्याशी निशात आलम ने बढ़त बनाई। बरहरवा प्रखंड के 55 मतदान केंद्र में ही आजसू प्रत्याशी को खुशी मनाने का अवसर मिला। पाकुड़ विधानसभा के सभी 434 मतदान केंद्रों की बात करे तो इसमे से करीब 315 मतदान केंद्र पर निशात आलम ने अपनी बढ़त बनाई। आजसू प्रत्याशी अजहर इस्लाम को लगभग 117 मतदान केंद्रों पर कांग्रेस से बढ़त मिली। पूरे विधानसभा क्षेत्र में कुछ ऐसे मतदान केंद्र भी है। जहां कांग्रेस और आजूस के अलावे सपा के अकिल अख्तर ने अपनी बढ़त बनाई। विधानसभा के मुस्लिम बहुल अधिकतर मतदान केंद्रों पर कांग्रेस प्रत्याशी ने थोक में वोट प्राप्त किया। यही कारण है कि निशात आलम ने चुनाव में 85 हजार से अधिक वोटों से शानदार जीत दर्ज की।



