मधुपुर: भाजपा के फायरब्रांड नेता और वरिष्ठ सांसद साक्षी महाराज, जो अपने विवादित बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अरुण गुटगुटिया के आवास पर पहुंचे। मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने जोश भरे अंदाज में कहा, “दुनिया की कोई ताकत झारखंड में भाजपा की सरकार बनने से रोक नहीं सकती!” साक्षी महाराज ने मुसलमानों की स्थिति पर भी अपनी बात रखी और कहा, “दुनिया में मुसलमानों के सबसे बड़े दुश्मन उनके अपने ही हैं! खाड़ी देशों में 32 लाख मुसलमानों की हत्या उनके ही लोगों ने की है। मगर भारत में मुसलमान सबसे सुरक्षित और भयमुक्त हैं।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने वर्षों तक शासन किया लेकिन मुसलमानों को उचित सुविधाएं नहीं दीं। नरेंद्र मोदीजी ने बगैर भेदभाव लाखों मुसलमानों के घर बनवाए, उन्हें अनाज और योजनाओं का लाभ दिया। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ यही तो हमारा नारा है!” उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बताते हुए कहा, “हमारे जैसे नेता कहीं नहीं मिलेंगे और योगी जैसा मुख्यमंत्री पूरी दुनिया में नहीं है!” साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि झारखंड, हरियाणा, और महाराष्ट्र में भाजपा ही जीत दर्ज करेगी। राज पलिवार की नाराजगी पर उन्होंने कहा, “राज पलिवार हमारे वरिष्ठ नेता हैं, कई लोग टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे, परंतु राष्ट्रीय और पार्टी हित में समझौता करना होता है। उन्हें मना लिया जाएगा। मधुपुर से भाजपा की जीत निश्चित है!” इस मौके पर भाजपा नेता डॉ. अरुण गुटगुटिया, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, विनय वर्मा, राजेश आनंद, पप्पू चौधरी, और अंकित सिंह राठौर भी उपस्थित थे।




