दुमका । विधानसभा चुनाव 2024 के लिए शिकारीपाड़ा विधानसभा सीट के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार के रूप में दुमका सांसद नलिन सोरेन के पुत्र आलोक कुमार सोरेन ने गुरुवार को दुमका में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के पश्चात शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बरमसिया मैदान में आयोजित नामांकन सभा को संबोधित करते हुए आलोक सोरेन ने कहा कि मैंने जनता की सेवा का सबक और शिक्षा आपके सांसद नलिन सोरेन जी जो मेरे पिता हैं एवं जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा जी जो मेरी माता जी हैं इन्हीं से मिला है । जिस प्रकार इन लोगों ने शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा की है,उसी प्रकार मैं भी 24 घंटे आप लोगों की सेवा में रहूंगा। मैं आपसे यह वादा करता हूं। इसके साथ ही शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र का विकास हो इसके लिए निरंतर प्रयास करुंगा। रोजी रोजगार के लिए भी व्यवस्था करूंगा। मुझे पूरा भरोसा है कि आप लोग जिस तरह से मेरे पिता नलिन सोरेन जी को जिताते आए हैं उसी प्रकार मुझे भी अपना आशीर्वाद देंगे। मौके पर दुमका सांसद नलिन सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार आप लोगों ने हमेशा मेरे ऊपर विश्वास किया और लगातार जिताते आए हैं, उसी तरह आपके युवा नेता को समर्थन दे| यह युवा नेता आप लोगों के लिए हमेशा कार्य करेगा और आप लोग इसपर आशीर्वाद बनाए रखें।
पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि आप अपनी जीत को लेकर कितने आश्वस्त हैं आलोक सोरेन ने कहा कि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनेगी और हम लोग शत प्रतिशत विजयी होंगे। सभा का आयोजन प्रखंड अध्यक्ष चुंडा हेंब्रम की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लाल मोहम्मद उर्फ लालू, प्रखंड कमेटी के कोषाध्यक्ष कलीमुद्दीन अंसारी, प्रभुनाथ हांसदा, जिला परिषद सदस्य प्रकाश हांसदा सहित स्थानीय कार्यकर्ता, समर्थक एवं नेता मौजूद थे।




