जामताड़ा : विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नामित होने के बाद सीता सोरेन का जामताड़ा जिले में जोरदार स्वागत किया गया। सीता सोरेन नें मिहिजाम शहीद स्थल के शहीदों को माल्यार्पण कर जनसम्पर्क कार्यक्रम आरंभ किया। उसके बाद मिहिजाम स्थित शिव मंदिर में पूजा के बाद मिहिजाम भाजपा कार्यालय में प्रत्याशी का कार्यकर्त्ताओ द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। गोरोईनाला मोड़ में भी सीता सोरेन का कार्यकर्ताओ नें स्वागत किया। सीता सोरेन नें बोदमा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू एवं अम्बेडकर जी पर माल्यार्पण किया। उसके पश्चात् बोदमा और बेवा के कार्यकर्ताओ के साथ संवाद किया। सबसे आकर्षक स्वागत बेवा गांव में देखने को मिला जहां सैकड़ो की संख्या में आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य के जरिए उनका स्वागत किया। जामताड़ा में भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सबसे पहले माता चंचला का आशीर्वाद लेकर पूरे नगर में जनसंपर्क करते हुए वीर शहिदों के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान वीर कुंवर सिंह, सिद्धो-कान्हू, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, विरसा मुंडा, भीम राव अम्बेडकर की प्रतीमा पर माल्यार्पण किया। भाजपा जिला कार्यालय बुधुडीह में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं के साथ सीता सोरेन ने चुनाव को लेकर पहली बैठक का आयोजन किया। भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया तथा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओ नें एक स्वर में कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में कुछ कमी के कारण सीता सोरेन को हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इस बार हमलोग जामताड़ा विधानसभा से भारी मतों से जीत दिलवाने का काम करेंगे।
सीता सोरेन ने कहा कि जामताड़ा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर मन अभिभूत हो गया। कहा कि आपका उत्साह देखकर अभी से पता चल रहा है कि आने वाले 23 नवम्बर को परिणाम भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में होगा। आज माँ चंचला के मंदिर में आकर माँ से मैंने अपना जीत का आशीर्वाद लिया, क्योंकि 24 साल हो गया झारखंड अलग हुए लेकिन बदलाव अभी तक नहीं हो पाया है। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि बदलाव जरूरी है और बदलाव से ही सभी वर्गों का विकास होगा। मेरा और स्वर्गीय दुर्गा सोरेन का सपना था कि जामा क्षेत्र का बेहतर विकास हो, लेकिन जिस पार्टी से मै विधायक थी उस पार्टी का विकास से कोई नाता ही नहीं है। मौक़े पर मुख्य रूप से जिला प्रभारी सुनील अग्रवाल, जिला महामंत्री मितेश शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह तथा सुरेश राय, आजसू जिलाध्यक्ष राजेश महतो, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता, सुनील हांसदा, हरिमोहन मिश्रा, बालमुकुंद दास, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, राजेंद्र राउत, संजय मंडल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, राजेश यादव तथा सुजाता सिंह, मिडिया प्रभारी आभा आर्या, सह मिडिया प्रभारी प्रदीप राउत, सतीश सिंह, चंद्रशेखर सिंह, नरेश बर्मन, सभी जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।



