मसलिया। मसलिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गुमरो के पारबाद टोला में गांव रखवार बाबा (ग्राम रक्षक देवता) की वार्षिकी पूजा सोमवार को बड़े ही नेम-निष्ठा और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई। पूजा को लेकर गांव में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने ग्राम रक्षक देवता की विधिवत पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।पूजा की शुरुआत मुख्य पूजा की रस्मों के साथ हुई। दुखन पुजहर की अगुवाई में मुख्य पूजा संपन्न कराई गई। वहीं, मूल पुजारी किसन सिंह ने पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की। इसके बाद परंपरा के अनुसार बलि पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें पाठा और मुर्गे की बलि दी गई। ग्रामीणों ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा में भाग लिया।
ग्रामीण मान्यता के अनुसार ग्राम रखवार बाबा गांव के रक्षक देवता हैं। उनकी वार्षिक पूजा के माध्यम से ग्रामीण गांव की रक्षा, अच्छी फसल, परिवारों की सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना करते हैं। इस अवसर पर गांव के लोगों ने पारंपरिक परंपरा को निभाते हुए पूजा में सहभागिता निभाई। मौके पर अरुण सिंह, श्यामसुंदर सिंह, काजल रजक, बाबूलाल सिंह, करन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।




