छुट्टी पर घर आए राष्ट्रपति भवन के अंगरक्षक को सिर में गोली मारी
आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे सौरभ
बागपत । उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गोपालपुर खड़ाना गांव में दीवाली की छुट्टी पर घर आए राष्ट्रपति भवन के अंगरक्षक सौरभ को पटाखों को लेकर हुए मामूली विवाद में गोली मार दी गई। इस खूनी वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
वर्ष 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए सौरभ वर्तमान में राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं। वह दीवाली का त्यौहार मनाने के लिए दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर लौटे थे। रविवार की रात वह अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे चला रहे थे। तभी गांव के रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे और पटाखे चलाने का विरोध कर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि इस बीच आरोपी धीरज ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सौरभ के सिर में कान के पीछे जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
परिजन तुरंत घायल सौरभ को बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर से गोली निकाल दी है, लेकिन उनकी हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया।




