– हजारों मरांगबुरु भक्तों का महाजुटान।
– संताल धर्म-संस्कृति पर हुआ मंथन।
– आस्था, अस्मिता और परंपरा का संदेश।
ब्यूरो रिपोर्ट
दुमका। बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम मंगलवार को मरांगबुरु की आस्था, संताल आदिवासी धर्म और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का साक्षी बना। दिसोम मांझी थान आर जाहेर थान समिति, संताल परगना प्रमंडल, दुमका की ओर से दिसोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के नेतृत्व में द्वितीय धर्म सम्मेलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से हजारों मरांगबुरु भक्तों, मांझी बाबाओं और धर्मगुरुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह सात बजे दिसोम नायकी बाबा सीताराम सोरेन के नेतृत्व में दिसोम जाहेर थान में पारंपरिक बोंगाबुरु अनुष्ठान के साथ हुआ। इसके बाद दिसोम मांझी थान में भी विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया गया। सुबह नौ बजे श्रद्धालुओं ने दिसोम मांझी थान से पारंपरिक यात्रा निकाली। यात्रा डीसी चौक और महिला कॉलेज होते हुए बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं का उत्साह और पारंपरिक धार्मिक उल्लास देखते ही बना।
स्टेडियम में सुबह दस बजे धर्मगुरुओं, मांझी बाबाओं और अतिथियों का पारंपरिक लोटा-पानी से स्वागत किया गया। इसके बाद दिसोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के स्वागत संबोधन के साथ सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हुई।
सम्मेलन में संताल आदिवासी धर्म, धार्मिक मान्यताओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक परंपराओं पर गंभीर विमर्श हुआ। धर्मगुरु सर्वेश्वर किस्कू ने मानव सृजन, चार छूत कलिया सोना एवं सोनोत बिचार विषय पर विचार रखे। बुद्धिजीवी सुनीलाल हेंब्रम ने सोहराय पर्व की महत्ता बताई, जबकि धर्मगुरु ढेना हेंब्रम ने बाहा पोरोब पर प्रकाश डाला। सुनील हेंब्रम ने बापला-भाडांन रे एतोम-कोयें तथा बरियाड़ हेंब्रम ने भाडांन बिनती विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
वहीं, सच्चिदानंद सोरेन (मरांगबुरु) ने साप्ताहिक बोंगाबुरु के महत्व और उससे जुड़े विभिन्न धार्मिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने संताल समाज की पारंपरिक आस्था, धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मांझी बाबा, आतो मोड़ेंहोड़ और मरांगबुरु भक्त शामिल हुए। आयोजन ने संताल आदिवासी समाज की धार्मिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का व्यापक संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक धर्म, रीति-रिवाज, सामाजिक व्यवस्था और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण एवं संवर्धन करना रहा।
धर्म सम्मेलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों, धर्मगुरुओं और समाजसेवियों की उपस्थिति रही।




