जरमुंडी। जरमुंडी थाना अन्तर्गत जरूवाडीह में एक शराबी बेटे ने अपनी मां को पीट पीटकर मार डाला। बेरहम शराबी बेटे से पीटती हुई मां को बचाने जब पड़ोस की एक महिला बीचबचाव के लिए आई,तो बेटे ने कुदाल मारकर उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला कविता मरांडी की पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले को लेकर शराबी बेटे के पिता और जरूवाडीह गांव निवासी गोविंद टुडू ने जरमुंडी थाना पुलिस को लिखित शिकायत कर बताया कि वह खाना खाकर सोया था। अचानक हो हल्ला सुनकर उसकी नींद खुल गई। उसका 26 वर्षीय बेटा राजेश टुडू शराब के नशे में धूत होकर अपनी मां महादी मरांडी को मारपीट रहा था।

गोविंद टुडू ने बताया कि बेटे की पिटाई से उसकी पत्नी महादी का सिर फट गया और खुन निकल रहा था। इस दौरान महादी मरांडी को बचाने के लिए पड़ोसी कविता मरांडी पति अनिल टुडू आयी तो शराबी बेटा राजेश टुडू ने हाथ में कुदाल से उसको मारा। कविता मरांडी को सिर व चेहरे पर गंभीर चोट लगी। इस क्रम में जब गोविंद मरांडी तथा आसपास के लोग लाठी लेकर आये तो उसका बेटा राजेश टुडू वहां से भाग गया। घर में दोनों महिला गंभीर रूप से घायल थी, ऐंबुलेंस से दोनों को इलाज हेतु फुलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका ले गये। जहां इलाज के क्रम में महादी मरांडी की मृत्यु हो गयी। वहीं कविता मरांडी को बेहतर इलाज के लिए बर्धमान रेफर कर दिया गया। इस संदर्भ में जरमुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मामले में पुलिस निरीक्षक दयानंद साह ने बताया कि त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी राजेश टुडू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।



