आरोपी महिलाओें की गतिविधियों की जानकारी उनके मोबाइल में मिले सबूतों से मिली
मुंबई । मुंबई क्राइम ब्रांच इस बात की जांच कर रही है कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार दो महिलाओं, बबीता और राधा ने मुंबई के बांद्रा बैंडस्टैंड इलाके में रेकी की थी या नहीं। बता दें बांद्रा बैंडस्टैंड इलाके में अभिनेता सलमान खान समेत कई फिल्मी हस्तियां रहती हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी के मुताबिक जांच में पता चला है कि ये दोनों महिलाएं मुंबई आने के बाद बांद्रा बैंडस्टैंड इलाके में गई थीं। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके वहां जाने का मकसद क्या था और क्या उन्होंने उस इलाके में रहने वाली फिल्मी हस्तियों के घरों की रेकी की थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी ने बताया कि इन बबीत और राधा की गतिविधियों के बारे में जानकारी उनके मोबाइल फोन के विश्लेषण और अन्य तकनीकी सबूतों से मिली है। हालांकि, जांचकर्ता अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उनका वहां जाना फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाने की किसी संभावित योजना से जुड़ा था या नहीं। क्राइम ब्रांच गिरफ्तार महिलाओं के अनिल पंडित के साथ संबंधों की भी जांच कर रही है, जो इस मामले में अभी भी फरार है।
पुलिस के मुताबिक ये दोनों महिलाएं अनिल पंडित के संपर्क में थीं। जांच के दौरान सामने आई जानकारियों के बारे में उनसे और पूछताछ करने के लिए उन्हें रिमांड पर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार बबीता और राधा के मोबाइल फोन से मिले सबूतों से संकेत मिलता है कि उन्हें मुंबई आने के अपने मकसद के बारे में पता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों को जिनमें से ज्यादातर के मूलरूप से हरियाणा से होने का शक है मुंबई में किसी स्थानीय व्यक्ति से मदद मिली थी। जांचकर्ताओं को शक है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने इस गिरोह के सदस्यों को उनकी योजना को अंजाम देने में मदद की होगी और पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है।


