सोना 258 रुपए टूटकर 1,42,815, चांदी 1,94,470 प्रति किलोग्राम
नई दिल्ली । भारतीय कमोडिटी बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना 258 रुपये टूटकर 1,42,815 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, वहीं चांदी 1,323 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,94,470 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। वैश्विक बाजारों में भी दोनों बहुमूल्य धातुएं दबाव में रहीं, जिसका असर घरेलू कीमतों पर साफ दिखा। इस गिरावट के पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका मुख्य कारण हैं। बढ़ती महंगाई को काबू करने के लिए ब्याज दरों में वृद्धि की उम्मीदों ने सोने-चांदी जैसे गैर-ब्याज वाली संपत्तियों की चमक फीकी कर दी है, जिससे निवेशक अधिक आकर्षक विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर भी सोना 0.08 प्रतिशत गिरकर 4,035 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.97 प्रतिशत टूटकर 53 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई। देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर दर्ज किया गया। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 14,291 रुपये प्रति ग्राम रहा, जबकि मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में यह 14,276 रुपये प्रति ग्राम पर उपलब्ध था। इसी तरह, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतें भी शहरों के अनुसार मामूली भिन्नता के साथ देखी गईं, दिल्ली और चेन्नई में इनके दाम क्रमशः 13,101/13,086 रुपये और 10,722/10,706 रुपये प्रति ग्राम रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों ने अब एक निचला स्तर प्राप्त कर लिया है। बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी बैठक पर टिकी है, जहाँ ब्याज दरों को लेकर आगे की नीति स्पष्ट होगी।


