नई दिल्ली । भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया मजबूत पकड़ बनाए हुए है। कंपनी विंडसोर ईवी लगातार देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार बनी हुई है, जबकि कोमेट ईवी और झेड ईवी ने भी ब्रांड की पहचान को और मजबूत किया है। इसी बीच कंपनी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि वह आने वाले समय में भारत में 6 नई कारें लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिनमें ज्यादातर एसयूवी होंगी। एमजी मोटर अब पेट्रोल और डीजल इंजन से आगे बढ़ते हुए नई और उन्नत तकनीक पर जोर दे रही है।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग मेहरोत्रा ने बताया कि 6 नई कारों पर काम चल रहा है और इनमें सबसे बड़ा आकर्षण इस साल लॉन्च होने वाली पहली प्लग-इन हायब्रिड कार होगी। यह कदम एमजी को हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक सेगमेंट में और मजबूती देगा। कंपनी की आने वाली प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी एक नए मल्टी-एनर्जी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिसे “520” कोडनेम दिया गया है। माना जा रहा है कि यह चीन में बिकने वाली वुलिंग स्टारलाईट 560 से प्रेरित हो सकती है, जिसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अलग नामों से बेचा जाता है। यह एसयूवी 5-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में उपलब्ध हो सकती है, जिससे इसे एसयूवी स्टाइल के साथ एमपीवी जैसी स्पेस भी मिलेगी।
पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 20.5 केडब्ल्यूएच की बैटरी मिलने की उम्मीद है, जिससे यह प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी करीब 100 किलोमीटर तक पूरी तरह इलेक्ट्रिक मोड में चल सकेगी। इसके साथ 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन भी दिया जा सकता है, जो लंबी यात्रा में बेहतर रेंज सुनिश्चित करेगा। वहीं इसका फुल इलेक्ट्रिक वर्जन लगभग 500 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम हो सकता है। कुल मिलाकर, एमजी मोटर आने वाले महीनों में भारतीय बाजार में बड़े बदलाव की तैयारी में है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


