रामगढ़ । रामगढ़ जिले के कुजू ओपी अंतर्गत रउता, रोशन नगर में संदिग्ध परिस्थिति में जेबा परवीन की हुई मौत से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। उस महिला की हत्या उसके पति और बहन ने मिलकर कर दी थी। सबसे बड़ी बात यह थी कि मृतका के पति और साली के बीच का प्रेम संबंध ही उसके लिए काल बन गया। जब उसने इस अवैध रिश्ते का विरोध किया तो उसके पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और बहन नेहा परवीन ने ही मिलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले की जानकारी बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने दी। उन्होंने बताया कि हत्या मामले में आरोपित जेबा परवीन के पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और नेहा परवीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात जेबा परवीन जब अपने घर में थी, इस दौरान वहां उसका पति गुलाम सरवर उर्फ राजन और उसकी बहन नईसराय निवासी नेहा परवीन भी उसके घर में थी। जब जेबा परवीन को गुलाम सरवर और नेहा परवीन के बीच के अवैध संबंध के बारे में पता चला तो उसने विरोध शुरू किया।
इसी दौरान उन तीनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी हाथापाई में गुलाम सरवर और नेहा परवीन ने जब जेबा परवीन को धक्का दिया तो उसका सिर सीधे दीवाल से टकरा गया, जिसमें वह बेहोश हो गई। उसे इसी अवस्था में छोड़कर नेहा परवीन घर के पीछे के रास्ते से निकलकर अपने घर नई सराय चली गई और गुलाम सरवर भी वहां से फरार हो गया।
18 अक्टूबर की रात जब गुलाम सरवर अपने घर पहुंचा तो घर में चोरी के दौरान हत्या की अफवाह फैला दी। लेकिन जब नेहा परवीन और गुलाम सरवर को गिरफ्तार किया गया तो उन दोनों ने अपना अपराध भी स्वीकार किया।
छापेमारी दल में कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, एएसआई राजेश कुमार, महिला आरक्षी सुकमणि सहित अन्य शामिल थे।


