दुबई । आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गयी है हालांकि उसे अभी 2 मार्च को एक लीग मैच न्यूजीलैंड से खेलना है। इस मैच में तेज गेदबाज मोहम्मद शमी का खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में वह असहज नजर आये थे और तीन ओवर के बाद ही मैदान से बाहर चले गये थे। शमी को एंकल में चोट लगी है और इससे उबर पाना इतनी जल्दी संभव नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि अर्शदीप सिंह , वाशिंगटपन सुंदर या वरुण चक्रवर्ती को इस मैच में शमी की जगह पर शामिल किया जा सकता है।
अर्शदीप : शमी की जगह पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप एक अच्छे विकल्प हो सकते हैं। अर्शदीप के पास गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की कला है। उन्होंने 9 एकदिवसीय मैच टीम इंडिया के लिए खेले हैं और इस दौरान 14 विकेट उनके नाम है। तेज गेंदबाज होने के कारण उन्हें शामिल किये जाने की सभी संभावनएं हैं क्योंकि भारतीय टीम के पास अभी दो ही तेज गेंदबाज हैं।
वॉशिंगटन सुंदर : टीम में वॉशिंगटन सुंदर जैसा एक स्पिन ऑलराउंडर है। सुंदर स्पिन गेंदबाज होने के साथ-साथ एक शानदार बल्लेबाज भी हैं। टीम इंडिया के लिए 23 एकदिवसीय मैच में सुंदर खेल चुके हैं। उन्हें हर एक प्रारुप में काफी अनुभव है। प्रबंधन उन्हें भी टीम में शामिल कर सकती है पर ऐसे में एक बाधा ये है कि तब टीम में केवल दो ही तेज गेंदबाज हर्षित राणा और हार्दिक पंड्या ही बचेंगे।
वरुण चक्रवर्ती : वरुण चक्रवर्ती भी शमी की जगह अंतिम 11 में ले सकते हैं हालांकि वरुण चक्रवर्ती एक स्पिन गेंदबाज हैं पर वो दुबई की धीमी पिच पर बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। हाल ही में चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में अपना डेब्यू किया था। उन्हें टी20 फॉर्मेट में तगड़ा प्रदर्शन करने के बाद अचानक चैंपियंस ट्रॉफी के स्क्वॉड में शामिल किया गया था।


