नई दिल्ली । साल 2026 में टाटा मोटर्स तीन नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करने जा रही है, जिनमें टाटा टियागो ईवी फेसलिफ्ट, टाटा अविन्या और टाटा सिएरा ईवी शामिल हैं। ये तीनों मॉडल अलग-अलग सेगमेंट को टारगेट करते हैं किफायती हैचबैक, प्रीमियम कॉन्सेप्ट-बेस्ड एसयूवी और मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी। इन लॉन्च से देश का इलेक्ट्रिक वाहन बाजार और मजबूत होगा, खासतौर पर तब जब ई-केंद्रित और तकनीकी रूप से एडवांस्ड वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। टाटा टियागो ईवी फेसलिफ्ट देश की लोकप्रिय किफायती इलेक्ट्रिक हैचबैक का अपडेटेड वर्जन होगा। स्पाई तस्वीरों के अनुसार, इसमें नए डिजाइन वाली लाइट्स, अपडेटेड फ्रंट ग्रिल, रिवाइज्ड बंपर और नई टेललाइट्स देखने को मिलेंगी। संभव है कि इसमें बड़ा बैटरी पैक मिले, जिससे रेंज 250–300 किमी तक पहुंच सकती है। सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और बेहतर इंफोटेनमेंट जैसे फीचर्स इसे और आकर्षक बनाएंगे। यह शहर में रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए एक बेहतर विकल्प बनेगी। वहीं, टाटा अविन्या कंपनी की प्रीमियम ईवी लाइनअप का हिस्सा होगी, जो जेन-3 प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसके 2026 के मध्य तक बाजार में आने की उम्मीद है।
लगभग 40 लाख रुपये की शुरुआती कीमत के साथ यह मॉडल फ्यूचरिस्टिक डिजाइन, हाई-एंड इंटीरियर, एडवांस्ड अडास टेक्नोलॉजी, फास्ट चार्जिंग और 500+ किमी की रेंज जैसे फीचर्स प्रदान करेगा। यह टाटा की प्रीमियम इलेक्ट्रिक ब्रांड पहचान को नई दिशा देगा। टाटा सिएरा ईवी 2026 के दूसरे क्वार्टर में लॉन्च होने जा रही है। यह मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी, जिसमें आरडब्ल्यूडी और एडब्ल्यूडी दोनों विकल्प मिलेंगे। डुअल मोटर सेटअप, हाई ग्राउंड क्लीयरेंस, आधुनिक फीचर्स, बड़ा टचस्क्रीन और प्रीमियम केबिन इसे मजबूत प्रतियोगी बनाएंगे।


