सरकार ने हटाया मुआवजा उपकर, वाहन कंपनियां ग्राहकों को दे रहीं राहत
नई दिल्ली । सरकार द्वारा वाहनों पर लगने वाले वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में बड़ी राहत दी गई है। जीएसटी परिषद ने हाल ही में छोटी और बड़ी कारों सहित मोटरसाइकिलों पर टैक्स दरों में कटौती की घोषणा की है। इसके तहत छोटी कारों पर लगने वाला कुल टैक्स 29–31 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। वहीं बड़ी कारों पर टैक्स 50 फीसदी से घटाकर 40 फीसदी कर दिया गया है। इसके अलावा, 350 सीसी से कम इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों पर भी अब केवल 18 फीसदी टैक्स लगेगा। इस फैसले के बाद वाहन निर्माता कंपनियों ने ग्राहकों को इसका सीधा लाभ देना शुरू कर दिया है।
मारुति सुजुकी इंडिया के एक प्रमुख अधिकारी इने कहा कि कंपनी यह राहत सीधे ग्राहकों तक पहुंचाएगी। उनके अनुसार, ऑल्टो की कीमत में 40,000–50,000 और वैगन आर की शुरुआती मॉडल की कीमत में 60,000–67,000 तक की कमी आ सकती है। टाटा मोटर्स ने भी घोषणा की कि वे जीएसटी कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों को दे रहे हैं, जिससे कुछ मॉडलों की कीमतों में 1.55 लाख रुपए तक की गिरावट आई है। कंपनी के अधिकारी ने कहा कि यह कदम पहली बार कार खरीदने वालों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से छोटी कारों की बिक्री में 10 फीसदी तक की वृद्धि हो सकती है, जिससे पूरी यात्री वाहन बाजार में 6–8 फीसदी की ग्रोथ संभव है।


