नई दिल्ली । चांदी की कीमतों में सोमवार को जबरदस्त अस्थिरता देखने को मिली। सुबह के कारोबार में चांदी 10 हजार रुपये प्रति किलो तक मजबूत हुई, लेकिन शाम होते-होते इसमें करीब 21 हजार रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक रूस और यूक्रेन के बीच सुलह की खबरों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बना, जिसका असर घरेलू कीमतों पर भी पड़ा। देश के अलग-अलग शहरों में चांदी के दाम अलग-अलग स्तर पर रहे।
पटना में चांदी 2,33,630 प्रति किलो रही, जबकि जयपुर में 2,33,730 का भाव दर्ज किया गया। कानपुर और लखनऊ में चांदी सबसे महंगी रही, जहां 1 किलो चांदी 2,33,820 पर कारोबार कर रही है। वहीं रायपुर में चांदी सबसे सस्ती 2,33,510 रुपए प्रति किलो दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञ के अनुसार साल 2026 तक चांदी का भाव 3 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच सकता है। हालांकि उन्होंने फिलहाल चांदी में नया निवेश करने से बचने की सलाह दी है। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने भी चांदी की तेज होती कीमतों पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर और ईवी जैसे उद्योगों में चांदी का व्यापक इस्तेमाल होता है, जिससे बढ़ती कीमतें पूरी इंडस्ट्री पर असर डाल सकती हैं।


