नई दिल्ली। मोबाइल और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स की दिग्गज कंपनी सैमसंग इंडिया अपने 200 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। कंपनी ने बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और व्यापारिक वृद्धि में कमी की वजह से यह फैसला लिया है। सैमसंग इंडिया के लगभग 2,000 अधिकारियों में से यह छंटनी मोबाइल फोन, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, होम एप्लायंसेज और अन्य सपोर्टिंग विभागों को प्रभावित करेगी। इसके अलावा यह कटौती केवल वरिष्ठ पदों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अस्थायी कर्मचारियों को भी प्रभावित कर सकती है। कंपनी छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को तीन महीने की सैलरी और उनकी सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए एक महीने की सैलरी के रूप में पैकेज दे रही है। सैमसंग स्मार्टफोन बाजार में चीनी कंपनियों जैसे शाओमी और वीवो से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना कर रही है। हालांकि वॉल्यूम शेयर में सैमसंग पिछड़ रहा है लेकिन वैल्यू के आधार पर यह बाजार में सबसे आगे है, जिसका 24.5 फीसदी हिस्सा है। साल की शुरुआत में सैमसंग के कई प्रमुख अधिकारियों ने इस्तीफा दिया, जिसमें मोहनदीप सिंह शामिल थे, जो अब जुबिलेंट एग्री एंड कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के सीईओ बन चुके हैं।






